जबलपुर (02 अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि नगर निगम जबलपुर अगले एक वर्ष में मेट्रोपोलिटन सिटी बनेगा। उन्होंने मौके पर ही संबंधितों (कमिश्नर, कलेक्टर एवं अन्य) को जल्द से जल्द जबलपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी का ड्रॉफ्ट प्रपोजल तैयार करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सेवा हमारी सरकार का दायां और सुशासन बायां हाथ है। हम मध्यप्रदेश के विकास प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि और सेवा के प्रति संकल्पित है। सेवा और सुशासन ही हमारे लिए समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का मूल और वास्तविक विकास मंत्र है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने प्रदेश की जनता से विकास का सच्चा वादा किया है। आज प्रदेश में चहुंओर विकास की बहार है। 'सच्चा वादा, पक्का काम' हम जो भी कहते हैं, वो करके भी दिखाते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जबलपुर के गीता भवन परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन का 11 लाख पौधे लगाने के महा अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जबलपुर जिले को और भी कई सौगातें दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर में एक 'फर्नीचर क्लस्टर' बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जबलपुर की मेडिकल यूनिवर्सिटी को अब मध्यप्रदेश के एम्स (राज्यस्तरीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर और आसपास की परिधि मे स्थित नेशनल पार्क में आने वाले पर्यटकों के विशेष आकर्षण के लिए जबलपुर में ही वाइल्ड एनीमल्स विजिबिलिटी की सुविधा विकास के लिए यहां मदन महल पहाड़ी के पास एक चिड़िया घर (ज़ू) बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि जबलपुर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार सांदीपनि विद्यालय भी बनाये जायेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जबलपुर शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यहां करीब 397 करोड़ रूपए के 5 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम जबलपुर के स्वच्छता सर्वेक्षण पर केन्द्रित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन कर यहां पात्र सैकड़ों रेहड़ी-पटरी-श्रमिक (स्ट्रीट वेंडर्स) हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत डिजिटल क्रेडिट कार्ड्स भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर शहर में 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'अमृत 1.0' सीवेज परियोजना का शुभारंभ कर कठौंदा, ललपुर और तेवर में बने तीन बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जबलपुर की सिविल लाइन्स इलाके में 25 लाख रूपए की लागत से रजक समुदाय के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री एरिया का शुभारंभ कर गुरंदी बाजार क्षेत्र में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक मत्स्य विक्रय केन्द्र का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंहम राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकी, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, सुशील कुमार तिवारी, नीरज सिंह ठाकुर, संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, रत्नेश सोनकर, राजकुमार पटेल, विनोद गोंटिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।