Monday, 05 Oct 2026

तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में राजग की सरकार बनेगी: शाह

मदुरै (09 जून 25)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी। पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मदुरै को ‘परिवर्तन' का शहर बताया और कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन बदलाव लाएगा और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को सत्ता से बेदखल करेगा। शाह ने आरोप लगाया कि द्रमुक के भ्रष्ट शासन में तमिलनाडु के गरीब, महिलाएं और बच्चें प्रभावित हुए हैं। उन्होंने अपनी पार्टी के सदस्यों से स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रमुक सरकार को सत्ता से बेदखल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

शाह ने कहा कि तमिलनाडु राज्य विपणन निगम की अनियमितताओं की भेंट चढ़ी राशि से पूरे तमिलनाडु में प्रत्येक स्कूल में कम से कम दो कक्षाएं बनवाई जा सकती थीं। केंद्रीय गृह मंत्री ने स्टालिन को यह बताने की चुनौती दी कि क्या उन्होंने वर्ष 2021 में किए गए द्रमुक के चुनावी वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-अन्नाद्रमुक मिलकर तमिलनाडु में राजग की सरकार बनाएंगे और लोग 2026 के चुनावों में द्रमुक को हराएंगे। शाह ने कहा कि द्रमुक सरकार 100 प्रतिशत विफल रही है। शाह ने कहा, 'वर्ष 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में राजग की सरकार बनेगी।'

शाह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 6.80 लाख करोड़ रुपये उपलब्ध कराए, फिर भी मुख्यमंत्री एम के स्टालिन पूछते हैं कि केंद्र ने तमिलनाडु के लिए क्या किया है। शाह ने राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को संबोधित करने से पहले भाजपा की तमिलनाडु इकाई की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। कोर कमेटी की बैठक का नेतृत्व करने से पहले उन्होंने मदुरै के मीनाक्षी मंदिर में पूजा-अर्चना की। अप्रैल में तमिलनाडु की अपनी यात्रा के दौरान शाह ने अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन की घोषणा की थी। अपने संबोधन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन ने कानून-व्यवस्था को लेकर द्रमुक शासन पर निशाना साधा और पश्चिमी कोंगू क्षेत्र के गांवों में बुजुर्गों की लक्षित हत्याओं को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की अपील की और अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन को ‘उपयुक्त गठबंधन' करार दिया। उन्होंने तारीफ करते हुए अमित शाह को ‘भारत का लौह पुरुष, दूसरा सरदार वल्लभभाई पटेल' बताया।

भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि एकमात्र लक्ष्य राज्य में द्रमुक को सत्ता से हटाना है और उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया। शाह शनिवार रात यहां पहुंचे और दो महीने में तमिलनाडु में यह उनकी दूसरी महत्वपूर्ण यात्रा है, जिसका उद्देश्य राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को मजबूत करना है। उनकी यात्रा सत्तारूढ़ द्रमुक द्वारा यहां अपनी महत्वपूर्ण आम परिषद की बैठक आयोजित करने के ठीक एक सप्ताह बाद हुई है। आम परिषद में द्रमुक ने भाजपा पर निशाना साधा था और केंद्र की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किए थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!