तेहरान (19 फरवरी 26)। मिडिल ईस्ट में तनाव अब अपने चरम पर पहुंच गया है। एक तरफ अमेरिका ने ईरान पर हमले की रणनीतिक तैयारी पूरी कर ली है वहीं दूसरी तरफ तेहरान के शाहरियार इलाके में हुए जोरदार धमाकों ने पूरी दुनिया को चौकन्ना कर दिया है। रमजान के मुकद्दस महीने में जंग की इस दस्तक ने स्थानीय लोगों में भारी खौफ पैदा कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में तेहरान के आसमान में काले धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार ये धमाके शाहरियार इलाके में हुए हैं जहां ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के गोला-बारूद और ईंधन डिपो स्थित हैं। हालांकि ईरान ने अभी तक किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन शिराज प्रांत में भी ऐसी ही आवाज़ें सुनाई देने की खबर है। परमाणु वार्ता के विफल होने के बाद अमेरिका ने ईरान की घेराबंदी तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार अरब सागर में USS अब्राहम लिंकन और USS गेराल्ड आर. फोर्ड जैसे दो विशालकाय विमानवाहक पोत पहले से मौजूद हैं। इनके साथ 50 से ज्यादा अत्याधुनिक लड़ाकू विमान (F-22, F-35, और F-16) किसी भी समय उड़ान भरने के लिए तैयार हैं। सुरक्षा के लिए 'थाड' और 'पैट्रियट' मिसाइल बैटरियों को तैनात किया गया है।