इंदौर (24 सितंबर 25)। दशहरा मैदान पर इस बार भी विजया दशमी पर 2 अक्टूबर को 111 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। समिति संयोजक सत्यनारायण सलवाड़िया और अध्यक्ष दीपक जोशी 'पिंटू' ने बताया कि लालू लाहोरिया, मनोज आर्य, प्रवीण हरगांवकर और मनोज तोमर की टीम पिछले एक पखवाड़े से रामबाग गणेश कॉलोनी में रावण के पुतले का निर्माण कर रही है। बहुत जल्दी रावण के पुतले को दशहरा मैदान पर खड़ा कर दिया जाएगा। रावण दहन के पूर्व प्रताप चौराहा से दशहरा मैदान तक शोभायात्रा निकलती है। उसके बाद आतिश बाजी होती है। खेमा इंडस्ट्रीज बीते 50 वर्षो से निशुल्क आतिशबाजी करती आ रही है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। सलवाड़िया एवं जोशी ने बताया कि दशहरा महोत्सव समिति बीते 50 वर्षो से हर वर्ष विजयादशमी पर रावण के पुतले का दहन करती आ रही है। इंदौर की यह सबसे पुरानी रावण दहन समिति है। इस समिति में पूर्व पार्षद सुरेश मिंडा, नारायण सिंह यादव, प्रह्लाद शर्मा, अरुण माहेश्वरी और जितेंद्र रावरिया भी शामिल है।