नईदिल्ली (10 जून 25)। प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने राहुल गांधी को आगामी 23 जून को ऐतिहासिक रिज मैदान में आधुनिक हिमाचल के निर्माता पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर आने का निमंत्रण दिया। साथ ही दोनों नेताओं के बीच सत्ता-संगठन से जुडे़ मसलों पर भी चर्चा हुई। सूचना के अनुसार उन्होंने जल्द से जल्द प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन किए जाने का मसला भी राहुल गांधी के समक्ष उठाया।
गौर हो कि बीते दिन विक्रमादित्य सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और राज्य सभा सांसद और हिमाचल के पूर्व प्रभारी राजीव शुक्ला सहित अन्य नेताओं से भी मुलाकात कर सभी को प्रतिमा के अनावरण अवसर पर आने का निमंत्रण दिया था। स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को स्थापित करने का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह काे एक पत्र भी लिखा था। प्रतिमा के रखरखाव का उत्तरदायित्व भी सरकार का होगा। प्रदेश के 6 बार सीएम रहे वीरभद्र सिंह की प्रतिमा रिज मैदान पर हिमाचल निर्माता यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के साथ स्थापित की जाएगी। वीरभद्र सिंह की जयंती पर 23 जून को होने कार्यक्रम में प्रतिमा का अनावरण होगा। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए राजा वीरभद्र सिंह फाऊंडेशन भी अपने स्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है।