पटना (02 जुलाई 25)। देश के रक्षा मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने मंगलवार को बिहार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए जीत का मंत्र दिया। वहीं इस बैठक में राजनाथ सिंह ने ये साफ कर दिया कि ‘नीतीश बाबू के ही नेतृत्व में बिहार इतिहास रचने वाला है’। एक तरह से राजनाथ सिंह ने नीतीश बाबू के ही नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वहीं इस अहम बैठक में राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों पर भी करारा प्रहार किया। उन्होंने बिहार के खोए हुए गौरव को वापस लाने पर जोर दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि, ‘बिहार की प्रगति से ही देश की प्रगति होगी। हमारी सरकार ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। विकसित भारत का रास्ता विकसित बिहार से ही प्रशस्त होगा। साथियों हमारे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में हम सभी को विकसित भारत और विकसित बिहार के संकल्प से सिद्धि को प्राप्त करना है।' राजनाथ सिंह के इस बयान से ये साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में एनडीए 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उनके इस बयान के बहुत गहरे मायने हैं। पिछले कुछ महीनों से कांग्रेस, आरजेडी और प्रशांत किशोर लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमला कर रहे हैं, लेकिन इन सभी आरोपों को बीजेपी आलाकमान ने सिरे से खारिज कर दिया है। बीजेपी आलाकमान ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही विश्वास प्रकट किया है।