पटना (19 नवंबर 25)। बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया और राज्यपाल को एनडीए के नवनिर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी। इसके पूर्व जनता दल यूनाइटेड के विधायकों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं, भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बैठक में वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया।
भाजपा प्रमुख दिलीप जायसवाल ने बताया कि राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और नई सरकार बनने तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा। इससे पहले, गठबंधन सहयोगियों के नवनिर्वाचित विधायकों की यहां हुई बैठक में नीतीश कुमार को बिहार में एनडीए का नेता चुना गया। नीतीश कुमार कल 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पटना के गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। बिहार में एनडीए ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की, जिसमें भाजपा को 89, जदयू को 85 सीटें, लोजपा (रामविलास) को 19 सीटें, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को 5 सीटें और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) को 4 सीटें मिलीं।