Monday, 05 Oct 2026

पटरी से उतरी मालगाड़ी दो हिस्सों में बंटी

शाजापुर (25 जनवरी 26)। मक्सी रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। प्रारंभिक जांच में यह हादसा पटरी टूटने के कारण बताया जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस हादसे के कारण तीन ट्रेनों का समय बदलना पड़ा।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण रेल पटरी का टूटना बताया जा रहा है। पटरी टूटने के कारण मालगाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और उसके कई डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। जैसे ही इस घटना की सूचना रेलवे के अधिकारियों को मिली वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिन्होंने मरम्मत कार्य शुरू करवाया। इधर, मौके पर मौजूद अधिकारी घटना को लेकर स्पष्ट एवं आधिकारिक जानकारी देने से बचते रहे। घटना को लेकर स्टेशन प्रबंधन मुकेश जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण ट्रैक में खराबी हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच के लिए उज्जैन से रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

ट्रेनों का समय बदला- घटना के बाद कुछ ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। स्टेशन प्रबंधक मुकेश जैन ने बताया कि हादसे के चलते मालवा एक्सप्रेस (12920) अपने निर्धारित समय से करीब 10 मिनट देरी से रवाना होगी। वहीं नागदा-बीना पैसेंजर (19341) लगभग 1 घंटे की देरी से चलेगी, जबकि भगत की कोठी-काचीगुड़ा एक्सप्रेस (17606) करीब 15 मिनट लेट रहेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

मक्सी रेलवे स्टेशन के पास जिस ट्रैक पर मालगाड़ी पटरी से उतरकर हादसे का शिकार हुई थी, उसी ट्रैक से प्रतिदिन दोपहर 2.43 बजे पेंचवेली एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। रेलवे अधिकारियों की सतर्कता और त्वरित निर्णय से संभावित दुर्घटना टल गई। फिलहाल ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा जांच के बाद ही यातायात बहाल किया गया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!