अनकापल्ली (14 अप्रैल 25)। आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में रविवार को एक पटाखा कारखाने में आग लगने से दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त किया। नायडू ने घटना की जांच के आदेश भी दिए और अधिकारियों से रिपोर्ट सौंपने को कहा।
राज्य की गृह मंत्री वी. अनिता ने मीडिया को बताया, ‘‘आग लगने की दुर्घटना में दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।'' उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। दुर्घटना अपराह्न लगभग 12:45 बजे हुई और अधिकारी फिलहाल शवों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पुलिस की मदद कर रहे हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने अनिता और जिले के अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया और सरकार से पीड़ितों की मदद करने का आग्रह किया। उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं से पीड़ितों को हर संभव सहायता देने को भी कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में पटाखा बनाने वाली यूनिट में विस्फोट से आठ लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।