Monday, 05 Oct 2026

पटाखा गोदाम में आग से 18 लोगों की मौत

बनासकांठा (01 अप्रैल 25)। गुजरात के बनासकांठा में मंगलवार को एक पटाखा गोदाम में आग लगने और इमारत के कुछ हिस्से ढहने से 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में 5 अन्य लोग घायल भी हो गए। यह घटना सुबह डीसा कस्बे के पास स्थित एक पटाखा गोदाम में हुई।  जिला पुलिस एसपी अक्षयराज मकवाना के मुताबिक 'इस घटना में 18 लोगों की मौत हो गई तथा इमारत का स्लैब ढह जाने से पांच अन्य घायल हो गए। मरने वालों में  मध्य प्रदेश के मजदूर और उनके परिवार के सदस्य थे तथा उनमें से अधिकतर की मौत स्लैब गिरने से हुई। ये यूनिट पटाखों के स्टोर करने के लिए थी और अभी तक इस बात का कोई पुख्ता सबुत नहीं मिले हैं कि वहां पटाखे बनाए जा रहे थे या नहीं। 

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को चार लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। पटेल ने सोशल मीडिया मंच 'X' पर एक पोस्ट में कहा, 'डीसा में एक पटाखा गोदाम में आग लगने और स्लैब गिरने से श्रमिकों की मौत की घटना दिल दहला देने वाली है। दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिजनों के साथ में मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।' मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस घटना में मध्य प्रदेश के कर्मचारियों की असामयिक मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गुजरात के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि घटना से प्रभावित कर्मचारियों को पूरी सहायता दी जाएगी। यादव ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सहायता के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!