Monday, 28 Sep 2026

पल्स पोलियो अभियान व ‘सुमन पंचायत’ कल से

भोपाल (27 जून 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 28 जून को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की जनस्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान एवं जनभागीदारी आधारित अभिनव पहल "सुमन पंचायत" का शुभारंभ करेंगे। साथ ही वे स्टेट एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) एक्शन प्लान 2.0 का अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एचपीवी टीकाकरण अभियान एवं स्वस्थ यकृत मिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में 'स्वस्थ मध्यप्रदेश-समृद्ध मध्यप्रदेश' के संकल्प को साकार करने की दिशा में सतत एवं सशक्त प्रयास किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जनभागीदारी, जागरूकता और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाकर एक स्वस्थ मध्यप्रदेश का निर्माण करना है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रदेश में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 से 30 जून तक शून्य से 5 वर्ष तक आयु के प्रदेश के लगभग 1.07 करोड़ बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 'सुमन पंचायत' (सुरक्षित मातृत्व आश्वासन पंचायत) योजना का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। ऐसी पंचायतें जिनमें एक वर्ष तक मातृ मृत्यु पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु तथा खसरा एवं रूबेला के मामले दर्ज नहीं होंगे, उन्हें एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!