Thursday, 01 Oct 2026

फडणवीस ने परभणी हिंसा पर जताई नाराजगी

मुंबई (12 दिसंबर 24)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को परभणी में हिंसक प्रदर्शन पर कहा कि संविधान की प्रतिकृति को क्षतिग्रस्त किये जाने के बाद सरकार ने दोषी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया था लेकिन फिर भी हिंसक प्रदर्शन हुए जो अस्वीकार्य है। फडणवीस ने दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि जिस आरोपी ने कथित तौर पर प्रतिकृति को क्षतिग्रस्त किया है, वह मानसिक रूप से अस्थिर है। परभणी रेलवे स्टेशन के बाहर डॉ. बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने स्थापित संविधान की प्रतिकृति मंगलवार को क्षतिग्रस्त पाई गई, जिसके बाद बुधवार को बंद आहूत किया गया था। बंद में शामिल भीड़ द्वारा दुकानों, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी किये जाने से प्रदर्शन ने हिंसक रूप धारण कर लिया। मुख्यमंत्री ने कहा, 'तोड़फोड़ की घटना में शामिल मानसिक रूप से अस्थिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिर भी कार्रवाई किए जाने के बावजूद हिंसा हुई, यह स्वीकार्य नहीं है। संविधान का पालन करते हुए विरोध प्रदर्शन किया जा सकता है।' दूसरी ओर कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने परभणी के पुलिस अधीक्षक को निलंबित करने और संविधान की प्रतिकृति को क्षतिग्रस्त करने के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की।

Tags:

Follow us

This question is not available..!