चंडीगढ़ (10 जुलाई 26)। फिल्म 'सतलुज' को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज का मामला अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंच गया है। मिली जानकारी के अनुसार 'सतलुज फिल्म को लेकर मोहाली के एक व्यक्ति ने याचिका दायर की है। हाईकोर्ट में दायर की गई इस याचिका में फिल्म 'सतलुज' को फिर से बहाल करने के लिए कहा गया है। हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका में मांग की गई है कि, फिल्म 'सतलुज' को देशभर में ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर तत्काल दोबारा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए जाएं। यदि फिल्म को हटाने के पीछे कोई सरकारी, वैधानिक या न्यायिक आदेश है, तो उसे सार्वजनिक करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि दर्शकों के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
आपको बता दें कि, 'सतलुज' फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है, जिसको लेकर विवाद चल रहा है। फिल्म पहले 'पंजाब 95' शीर्षक से बनाई गई थी और बाद में 'सतलुज' नाम से 3 जुलाई 2026 को ज़ी5 पर प्रदर्शित की गई। फिल्म के रिलीज होने महज 2 दिन बाद ही इसे OTT प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। इससे दर्शकों और फिल्म निर्माताओं में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस फिल्म को हटाए जाने से दिलजीत दोसांझ सहित कई कलाकारों ने दुख व्यक्त किया है। वहीं इस फिल्म को हटाने पर राजनीति भी गरमाई हुई है। आपको ये भी बता दें कि सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नाभा जेल प्रशासन ने होशियारपुर प्रशासन को जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी और पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह की तलाश करने के निर्देश तक जारी कर दिए हैं। पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह को इस हत्याके मामले में उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी, वह मई 2023 में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। सूत्रों के अनुसार, नाभा जेल प्रशासन ने होशियारपुर प्रशासन को जसवंत सिंह खालड़ा हत्याकांड के मुख्य दोषी और पूर्व डीएसपी जसपाल सिंह की तलाश करने के निर्देश जारी किए हैं।