इंदौर (19 अक्टूबर 25)। शहर में धनतेरस और दिवाली की तैयारियों के बीच बेमौसम बारिश ने लोगों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी। शहर के विभिन्न इलाकों में दोपहर के समय तेज और रिमझिम बारिश का दौर देखा गया। धनतेरस को देखते हुए ज्यादातर दुकानों के बाहर टेंट और झालरों से सजावट की गई थी और सामान बाहर डिस्प्ले किया गया था। बारिश शुरू होते ही व्यापारी तुरंत बाहर रखा सामान समेटने लगे, जिससे ग्राहकों और व्यापार दोनों पर असर पड़ा।
सड़क किनारे पूजन सामग्री बेचने वालों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। राजवाड़ा, नंदानगर मेनरोड, मालवा मिल, पलासिया और अन्य इलाकों में दुकानों को समेटना पड़ा। रीजनल पार्क में थोक पटाखा बाजार में कई व्यापारियों ने अपने पटाखों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में मजदूरों की मदद ली। खुले में रखे सामान के खराब होने का डर व्यापारियों के चेहरे पर साफ देखा गया। शहर के बड़े शोरूम, मॉल और घरों के बाहर आकर्षक विद्युत सज्जा भी बारिश की चपेट में आई। कुछ शोरूमों ने सज्जा पर डेढ़ से दो लाख रुपए खर्च किए थे, लेकिन बारिश से झालरें और अन्य सजावट खराब हो गईं। ऑटोमोबाइल शोरूम में रखे नए वाहन भी पानी में भीगते रहे।
आज और कल मौसम साफ रहेगा- सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहेगा और कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है। शनिवार का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिसे अधिक है। बेमौसम बारिश ने न केवल व्यापारियों की चिंता बढ़ाई, बल्कि दीपावली के उत्साह में भी थोड़ी ठंडक डाल दी। शहरवासियों ने अब मौसम की चाल को देखते हुए तैयारियों में सतर्कता बरतना शुरू कर दी है।