पटना (05 मार्च 26)। बिहार की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति ने इसे एनडीए के बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
नामांकन के दौरान गृह मंत्री अमित शाह के साथ बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। भाजपा ने नितिन नबीन के अलावा शिवेश कुमार को भी अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी एनडीए उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भरा। बिहार की कुल 5 राज्यसभा सीटों के लिए यह द्विवार्षिक चुनाव होने जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह दोपहर में पटना पहुंचे, जहाँ नितिन नबीन ने अपने आवास पर उनका स्वागत किया। इसके बाद शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनके राजनीतिक जीवन के इस नए चरण के लिए उन्हें बधाई दी। नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना बिहार और राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। नामांकन से पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने सुबह शहर के प्रमुख मंदिरों का दौरा किया। उन्होंने महावीर मंदिर, बांसघाट स्थित काली मंदिर और गोलघर के निकट अखंडवासिनी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी से सेवा करने का आशीर्वाद मांगा।