Thursday, 01 Oct 2026

मप्र के दतिया में उपचुनाव की घोषणा

भोपाल (02 जुलाई 26)। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव का कार्यक्रम चुनाव आयोग ने घोषित कर दिया है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 6 जुलाई को जारी होगी। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। इसके बाद चुनाव प्रचार तेज होगा और 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान सभी केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से कराया जाएगा। उपचुनाव की घोषणा के साथ ही प्रशासन ने चुनाव संबंधी तैयारियां शुरू कर दी हैं और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

दतिया विधानसभा उपचुनाव को प्रदेश की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। कांग्रेस विधायक की सदस्यता समाप्त होने से खाली हुई इस सीट पर अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों दल जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!