Saturday, 03 Oct 2026

मप्र स्टेट बार काउंसिल के लिए मतदान आज

जबलपुर (12 मई 26)। मप्र स्टेट बार काउंसिल की नई कार्यकारिणी के लिए मंगलवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इस बार चुनाव में कुल 122 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहें हैं। पूरे प्रदेश में करीब 87441 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए प्रदेश में 244 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मतदान में 18 पुरुष और 5 महिला उम्मीदवारों का चुनाव होगा। 2 महिलाओं को बाद में को ऑप्शन के जरिए मनोनीत किया जाएगा। इस तरह कुल 25 सदस्यों की कार्यकारिणी चुनी जाएगी।

मुख्य चुनाव अधिकारी रिटायर्ड जस्टिस एसके पालो, सहायक चुनाव अधिकारी जीएस बघेल और दीपक अवस्थी ने बताया कि जबलपुर में अधिवक्ता हाईकोर्ट के साउथ ब्लॉक और जिला न्यायालय की बेसमेंट में बने पार्किंग स्थल पर वोट डालेंगे। सभी अधिवक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने परिचय पत्र लेकर आएं। परिचय पत्र न होने की दशा में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष या सचिव द्वारा जारी पत्र के आधार पर पोलिंग अफसर उन्हें मतदान में शामिल कर सकेंगे। इस बार युवा उम्मीदवारों पर सभी की नजरें हैं। 5 साल की कम वकालत वाले इन उम्मीदवारों ने पूरे प्रदेश में व्यक्तिगत रूप से और सोशल मीडिया के सहारे जमकर चुनाव प्रचार किया है। चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चित चेहरा विधि सिंह ठाकुर का है, जिन्हें विंध्य और महाकौशल क्षेत्र में अच्छा खासा रिस्पांस मिल रहा है। इसके अलावा अन्नू पटेल (सिंगरौली), रघुवंश प्रसाद पाण्डेय (जबलपुर), अपूर्वा सिंह (भोपाल), बृजेन्द्र देव पाण्डेय (बैढ़न), अवधेश कुमार त्यागी (जबलपुर), निकिता जैन (ग्वालियर), रेखा बोरीवाल (इन्दौर) और प्रतीका पाठक (ग्वालियर) भी शामिल हैं।

मप्र उच्च न्यायालय ने जताई नाराजगी- स्टेट बार काउंसिल के चुनाव के लिए प्रत्याशियों  द्वारा कोर्ट परिसरों की दीवारें गंदी किए जाने पर मप्र उच्च न्यायालय ने सोमवार को कड़ी नाराजगी जताई। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच ने इस बात पर हैरानी जताई कि चुनाव के लिए कोई कोड ऑफ कंडक्ट ही नहीं है। बेंच ने कहा कि स्टेट बार काउंसिल की जिम्मेदारी है कि वह उसे साफ कराए। हालांकि हाईकोर्ट बार जबलपुर के पूर्व अध्यक्ष डीके जैन की ओर से दाखिल याचिका को वापस लेने के कारण बेंच ने उसे खारिज कर दिया, लेकिन यह जरूर कहा कि प्रशासनिक स्तर पर इस मुद्दे पर कार्रवाई जरूर की जाएगी। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विपुल वर्धन जैन, राज्य सरकार की ओर से शासकीय अधिवक्ता अनुभव जैन और स्टेट बार काउंसिल की ओर से अधिवक्ता सत्यम अग्रवाल हाजिर हुए।

Tags:

Follow us

This question is not available..!