बारामती (28 जनवरी 26)। महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह एक चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया, जिसमें उप मुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु हो गई। विमान में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें पायलट, फर्स्ट ऑफिसर और सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। हादसे के कारण और जिम्मेदार कौन है, यह अब जांच का विषय है। शुरुआत में कुछ लोगों ने साजिश की संभावना भी जताई थी, लेकिन जांच में अब तक किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।
चश्मदीदों ने बताया कि क्रैश से पहले विमान आसमान में कई बार गोल-गोल घूमता रहा। पहले लैंडिंग की कोशिश की गई, लेकिन विमान वापस उड़ गया और दूसरी बार रनवे पर उतरने का प्रयास किया। इसी दूसरी कोशिश में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विशेषज्ञों के अनुसार, विमान सीधे रनवे पर नहीं उतर पाया और बड़ा घुमाव लगाकर सही दिशा में आने की कोशिश कर रहा था। इसका मतलब है कि पायलट ने पहले लैंडिंग प्रयास को रद्द कर दिया था और फिर विमान को सही तरीके से रनवे के साथ संरेखित करने की कोशिश कर रहे थे। जित पवार सुबह जिला परिषद चुनावों के लिए चार जनसभाओं को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। विमान मुंबई से उड़ा और बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान ने दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन रनवे के पास ही क्रैश लैंडिंग हुई। विमान में आग लग गई और यह पूरी तरह जल गया। बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन भीषण आग की वजह से किसी को बचाया नहीं जा सका।अजित पवार के चाचा और NCP (SCP) प्रमुख शरद पवार ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है, इसमें कोई राजनीति नहीं है। राज्य को एक बड़ा नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। उन्होंने सभी से अपील की कि इस पर राजनीति न की जाए और परिवार के दुख में शामिल हों।