Monday, 05 Oct 2026

मेरे दोस्त मादुरो को तुरंत छोड़ो वरना गंभीर परिणाम: किम जोंग

कराकस (04 जनवरी 26)। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की हिरासत के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। इस कार्रवाई पर उत्तर कोरिया ने कड़ा ऐतराज जताते हुए विश्व युद्ध की चेतावनी दी है, जबकि रूस ने तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। मामले ने वैश्विक राजनीति में नए संकट की आशंका पैदा कर दी है।

उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग-उन ने मादुरो को अपना ‘दोस्त’ बताते हुए अमेरिका को खुली चेतावनी दी है। किम जोंग-उन ने कहा कि यह कार्रवाई दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की ओर धकेल सकती है। उन्होंने अमेरिका और उसके नेतृत्व से मांग की कि मादुरो की स्थिति तुरंत सार्वजनिक की जाए और उन्हें बिना शर्त रिहा किया जाए। किम ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो इसके गंभीर अंतरराष्ट्रीय परिणाम हो सकते हैं। इस बीच रूस ने भी अमेरिका की कार्रवाई की निंदा की है। रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इसे वेनेजुएला के खिलाफ ‘सशस्त्र आक्रामकता’ करार दिया। रूस ने कहा कि अमेरिका द्वारा दिए गए तर्क बेबुनियाद हैं और यह कदम कूटनीति के बजाय वैचारिक दुश्मनी से प्रेरित है। मॉस्को ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

वहीं अमेरिका के भीतर इस मामले में कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने बताया कि न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं। मादुरो पर नार्को-टेररिज्म की साजिश, कोकीन की तस्करी, मशीनगन और खतरनाक हथियार रखने तथा अमेरिका के खिलाफ साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ये आरोप उस समय तय किए गए, जब अमेरिका ने कराकस में एयरस्ट्राइक की थी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!