Monday, 05 Oct 2026

मोदी का संबोधन टलने पर राहुल गांधी बोले- डरे हुए हैं पीएम

नईदिल्ली (05 फरवरी 26)। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन हंगामे के कारण टल गया। सदन में लगातार जारी शोर-शराबे के कारण प्रधानमंत्री अपना जवाब नहीं दे सके। इस घटनाक्रम को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला किया है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि वह सच्चाई का सामना करने से बच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री डर के कारण सदन में नहीं आए। कांग्रेस नेता ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो भी साझा किया है। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा कि उन्होंने पहले ही अंदेशा जताया था कि प्रधानमंत्री लोकसभा में उपस्थित नहीं होंगे। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री सच से डरते हैं और इसी वजह से सदन में आने से बच रहे हैं। वीडियो में राहुल गांधी दोपहर के समय यह कहते नजर आते हैं कि उन्हें लगता है कि प्रधानमंत्री चर्चा में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रधानमंत्री आते, तो वे उन्हें एक किताब सौंपते और उस पर चर्चा की मांग करते।

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस चल रही थी, जिसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देना था। हालांकि, सदन में विपक्ष के लगातार विरोध और नारेबाजी के चलते कार्यवाही बाधित होती रही। पीठासीन सभापति संध्या राय ने शाम करीब पांच बजे सदन की कार्यवाही शुरू करते हुए सांसदों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन हंगामा थम नहीं सका। शोरगुल के बीच प्रधानमंत्री अपना वक्तव्य नहीं रख पाए और संबोधन स्थगित करना पड़ा।


Tags:

Follow us

This question is not available..!