Tuesday, 06 Oct 2026

मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को बनाया विश्वास का प्रतीकः योगी

लखनऊ (11 जून 25)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में केंद्र सरकार के अब तक के 11 वर्षों के कार्यकाल को विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का स्वर्णिम काल करार देते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को न केवल वैश्विक पहचान दी है, बल्कि स्वयं को तपाकर और खपाकर 140 करोड़ भारतवासियों को भी एक विश्वास का प्रतीक बनाया है। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 11 वर्ष का यह कार्यकाल नए भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर, स्वर्णिम कालखंड के रूप में प्रस्तुत करता है। इस स्वर्णिम कालखंड के लिए हम उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, आजादी के 65 वर्षों में कांग्रेस नेतृत्व और अन्य अस्थिर सरकारों के कारण आमजन का विश्वास टूटा था, विश्वास खंडित हुआ था, वैश्विक मंच पर भारत की छवि तार-तार हुई थी। पिछले 11 वर्षों के अंदर प्रधानमंत्री मोदी के रूप में भ्रष्टाचार से मुक्त, परिवारवाद से मुक्त, तुष्टिकरण की राजनीति से मुक्त, एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला एक ऐसा नेतृत्व मिला है जिन्होंने पूरे भारत को विश्वास का प्रतीक बनाकर भारत को विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की एक सुदृढ़ नींव का निर्माण करते हुए अगले 25 वर्ष के व्यापक कार्य योजना पूरे भारतवासियों के सामने प्रस्तुत की है। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में भारत में न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बल्कि सुरक्षा की मोर्चे पर, सुशासन के मोर्चे पर और आर्थिक मोर्चे पर भी एक नई पहचान बनाई है। शासन की नीति स्पष्टता, कार्य प्रणाली की पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही अब शासन की एक नई पहचान बनी है। विकास केवल नारे नहीं, बल्कि विरासत और विकास का बेहतर समन्वय करते हुए, आम जनमानस को साथ लेकर चलने की एक नई प्रवृत्ति को दुनिया के अंदर भारत को नई पहचान दिलाई है। अब चेहरा देखकर नहीं, बल्कि पात्रता के अनुरूप हर व्यक्ति को बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ मिलता है। शासन अब तुष्टीकरण के आधार पर नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक के संतुष्टीकरण के आधार पर अपनी कार्ययोजना को आगे बढ़ा रहा है। पिछले 11 वर्षों के अंदर भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस, डिजिटल इंडिया के माध्यम से मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस का एक मॉडल भी भारतवासियों को देखने को मिला है। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस भी भारत में 140 करोड़ भारतवासियों ने देखा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!