Friday, 09 Oct 2026

मोदी सरकार का मास्टरस्ट्रोक: बन गया 8वां वेतन आयोग!

नईदिल्ली (29 अक्टूबर 25)। दिवाली और छठ पूजा के बीच केंद्र सरकार ने करोड़ों सरकारी परिवारों को खुश कर देने वाला बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 8वें वेतन आयोग को औपचारिक मंजूरी दे दी गई है। अब यह आयोग अगले 18 महीनों में अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा, जिसके आधार पर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सैलरी और पेंशन संरचना में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

सरकार ने सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई को आयोग का चेयरपर्सन नियुक्त किया है। उनके साथ IIM बैंगलुरु के प्रोफेसर पुलक घोष और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव पंकज जैन सदस्य होंगे। यह टीम केंद्र सरकार को वेतन, भत्ते और पेंशन से जुड़ी सिफारिशें तैयार कर सौंपेगी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने आयोग की शर्तों और अधिकारों को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और लगभग 69 लाख पेंशनभोगी, जिनमें रक्षा सेवाओं के कर्मी भी शामिल हैं, को सीधा लाभ मिलेगा। मंत्री वैष्णव ने बताया कि सरकार ने इस आयोग को जनवरी 2025 में ही सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी थी। इसके बाद विभिन्न मंत्रालयों और विभागों - खासतौर पर रक्षा, गृह और रेलवे - से सुझाव लेकर आयोग की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने कहा कि आयोग के गठन से पहले कई राज्य सरकारों से भी सलाह ली गई, ताकि इसकी सिफारिशें व्यापक और व्यावहारिक हों। आयोग अब अगले डेढ़ साल (18 महीने) में अपनी अनुशंसा केंद्र सरकार को सौंपेगा। रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे कैबिनेट के सामने मंजूरी के लिए रखा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, इसकी सिफारिशें 2027 से लागू हो सकती हैं, जिससे सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन दोनों में बड़ा उछाल संभव है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!