इंदौर (19 मई 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी मां अहिल्या की आत्मा मत दुखाओं, आदर्शों के केंद्र बिंदु रहे राजवाड़ा परिसर और दरबार हाल में बैठने के पहले अपने बिगड़ैल मंत्री विजय शाह को तो बर्खास्त करों। आज तो सुप्रीम कोर्ट ने एक बार फिर उक्त मंत्री को माफ़ करने से इंकार कर दिया है। बावजूद इसके आपका मंत्री विजय शाह के प्रति लगाव समझ से परे हैं। यह बात विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के कांग्रेस के युवा नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने कहते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मांग की है कि मंगलवार को आदर्शों की प्रतीक मां अहिल्या की नगरी और उनके दरबार हाल में बैठने के पूर्व अपने दामन पर लगे विजय शाह रूपी दाग को तो साफ़ कर लें। जोशी ने कहा कि वैसे भी आप बाबा महाकाल की नगरी में जन्में हैं, फिर किस बात का डर है। आज तो सुप्रीम कोर्ट ने और तल्ख़ टिप्पणियां की है। ये टिप्पणियां मप्र सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रही है कि आखिर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी का गठन करने के निर्देश देकर साफ़ कर दिया है कि वह आपकी सरकार के रवैये से संतुष्ट नहीं है। पिंटू जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी यह सिर्फ भाजपा शासित आपकी सरकार ही नहीं बल्कि प्रदेश के हर नागरिक की प्रतिष्ठा का सवाल है। आपके मंत्री ने पूरे देश में मप्र को शर्मिंदा किया है। ऐसे में आपकी चुप्पी चौंकाने वाली है। जोशी ने कहा कि अभी वक्त है कल जब आपको मां अहिल्या की नगरी में राजवाड़ा में उनके दरबार हाल में बैठना है, उसके पूर्व उक्त बेलगाम मंत्री को बर्खास्त कर नैतिकता का उदाहरण प्रस्तुत कीजिए। अन्यथा मां अहिल्या की आत्मा को बहुत दुःख पहुंचेगा।