नईदिल्ली (24 अक्टूबर 25)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बिहार के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर करारा हमला बोला और आगामी चुनावों को बिहार की समृद्धि के नए अध्याय की शुरुआत बताया। पीएम मोदी ने कहा कि 'त्योहारों के उत्साह के बीच छठी मैया की पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी के साथ बिहार लोकतंत्र का महापर्व भी मना रहा है। यह चुनाव बिहार की समृद्धि का एक नया अध्याय लिखने वाला है और इसमें बिहार के युवाओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। बिहार के लोग जंगलराज वालों को माफ नहीं करेंगे, वे जंगलराज को भूलने वाले नहीं हैं।'
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'जो लोग खुद को गठबंधन कहते हैं, बिहार की जनता उन्हें लठबंधन कहती है। ये लोग सिर्फ लठ चलाना और झगड़ा करना जानते हैं। लठबंधन वालों के लिए अपना स्वार्थ ही सबसे बड़ा है। इन्हें बिहार के युवाओं की कोई चिंता नहीं है।' उन्होंने कहा कि 'दशकों तक बिहार के नौजवान नक्सलवाद और माओवादी आतंक से पीड़ित रहे, लेकिन इन लोगों ने जनता के हित के बजाय अपने राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी। माओवादी आतंक से मदद लेकर ये लोग चुनाव भी जीतते रहे।' पीएम मोदी ने कहा कि 'बिहार को तबाह करने में नक्सलवाद और माओवादी आतंक ने बड़ी भूमिका निभाई है। ये माओवादी न तो स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बनने देते थे, न ही उद्योगों को पनपने देते थे। उन्होंने बने बनाए संस्थानों को बम से उड़ा दिया, जिससे विकास पूरी तरह रुक गया। मैं मानता हूं कि इन्होंने बिहार की दो पीढ़ियों का भविष्य बर्बाद कर दिया।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि '2014 के बाद से हमने बहुत मेहनत की है। NDA सरकार ने बिहार को जंगलराज के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी में लाने का काम किया है। आज बिहार में हम नक्सलवाद और माओवादी आतंक को समाप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। बिहार के नौजवानों के भविष्य को सुरक्षित बनाना हमारा कर्तव्य है और हम इसके लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं।'