भोपाल (02 फरवरी 26)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि परेड, अनुशासन और आपसी तालमेल का बेहतरीन नमूना होती है। हर देशवासी को देशभक्ति और ऊर्जा से भर देती है। हम सभी को देश सेवा की प्रेरणा देती है। गणतंत्र दिवस 2026 की राष्ट्रीय परेड में शामिल प्रत्येक एनसीसी कैडेट्स अनुशासन और प्रेरणा का प्रतीक है। राजधानी के कर्तव्य पथ पर आपकी अनुशासित, प्रभावी और गरिमामयी सहभागिता ने प्रदेशवासियों का मान बढ़ाया है। आप सभी हमारा गौरव हैं।
राज्यपाल पटेल सोमवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में एनसीसी एट होम समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने गणतंत्र दिवस 2026 की राष्ट्रीय परेड और विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक एवं उपलब्धियां प्राप्त करने वाले मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ निदेशालय के एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया। राज्यपाल पटेल ने राष्ट्रीय स्तर पर ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त करने पर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय को बधाई दी। समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे। राज्यपाल पटेल ने कहा कि हर युवा 'हम दिन चार रहे न रहे, माँ तेरा वैभव सदा रहे' के भाव के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। संकल्प लें कि जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र प्रेम और भक्ति के साथ अपने कर्तव्यों, अधिकारों, नियमों और सामाजिक दायित्वों का आदर्श रूप में पालन करेंगे।
राज्यपाल पटेल ने समारोह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। राज्यपाल का मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल जेपी सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और स्मृति चिन्ह-भेंट कर अभिनंदन किया। मेजर जनरल सिंह ने स्वागत उद्बोधन और रिपब्लिक डे कैम्प-2026 में प्रदेश की सहभागिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सीनियर अंडर ऑफिसर सुश्री प्रथा सिंह उमठ ने रिपब्लिक डे कैम्प- 2026 के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और उनके परिजन मौजूद थे।