Monday, 05 Oct 2026

राहुल के चुनाव धांधली के आरोपों पर भड़के फडणवीस

मुंबई (08 जून 25)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में धांधली किए जाने का दावा कर यहां के लोगों और महिला मतदाताओं का ‘अपमान' किया है।

फडणवीस ने कहा कि गांधी द्वारा किए गए दावे आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार की उनकी स्वीकारोक्ति के समान हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल से अपील की कि वह झूठ बोलकर खुद को ‘‘झूठा दिलासा'' देने से बचें। दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट कर चुनाव में कथित अनियमितता के बारे में चरणबद्ध तरीके से बताया है कि कैसे मतदाता सूची में फर्जी मतदाता जोड़े गए, मतदान प्रतिशत बढ़ा चढ़ा कर दिखाए गए, फर्जी मतदान कराए गए और बाद में सबूत छिपाए गए। राहुल गांधी ने अखबार में प्रकाशित लेख की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘चुनाव की चोरी का पूरा खेल! 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट था।''

फडणवीस ने अखबारों में प्रकाशित राहुल के लेख की ओर इशारा करते हुए कहा कि गांधी को अज्ञानता से जागना चाहिए और कांग्रेस पार्टी के अधंकारमय भविष्य की जमीनी हकीकत को समझना चाहिए। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब तक राहुल गांधी जमीनी हालात को नहीं समझेंगे और खुद से झूठ बोलना तथा झूठे दिलासे देना बंद नहीं करेंगे, तब तक उनकी पार्टी कभी नहीं जीतेगी। उन्हें (अज्ञानता से) जाग जाना चाहिए, अन्यथा वह ऐसी बातें करते रहेंगे, जो तथ्यों से परे हैं।'' मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गांधी ने चुनाव की निष्पक्षता पर संदेह जताकर महाराष्ट्र के मतदाताओं का अपमान किया है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!