नईदिल्ली (07 अक्टूबर 25)। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्मा गया है। केरल में पूर्व ABVP नेता पिंटू महादेव द्वारा टीवी डिबेट के दौरान राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने के बयान से देशभर में बवाल मच गया है। इस बयान के विरोध में रायपुर के सिविल लाइन थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर पिंटू महादेव की गिरफ्तारी की मांग की। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जब भाजपा नेताओं पर टिप्पणी होती है तो तुरंत एक्शन लिया जाता है, लेकिन राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने वाले नेता पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि यह कानून और संविधान का उल्लंघन है। सिविल लाइन सीएसपी रमाकांत साहू ने कहा कि मामले की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करीब पांच घंटे तक थाने में धरना दिया और बाद में लौट गए। 26 सितंबर को केरल के एक न्यूज चैनल पर लद्दाख हिंसा को लेकर लाइव डिबेट चल रही थी। इस दौरान भाजपा की तरफ से बोलने आए पूर्व ABVP नेता पिंटू महादेव ने कहा कि ‘राहुल गांधी को सीने में गोली मार दी जाएगी।’ इस बयान के तुरंत बाद देशभर में कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और मामले को विधानसभा तक पहुंचा दिया।
केरल कांग्रेस कमेटी के सचिव श्रीकुमार सीसी की शिकायत पर पेरामंगलम पुलिस ने पिंटू महादेव के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और उसकी तलाश जारी है। वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कहा कि अगर आरोपी पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो इसे सरकारी मिलीभगत माना जाएगा।