नईदिल्ली (19 जून 25)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 19 जून को अपना 55वां जन्मदिन पूरी सादगी के साथ मनाया। हाल ही में हुए पहलगाम में आतंकी हमला, अहमदाबाद में विमान हादसा और उनकी मां सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के चलते उन्होंने किसी भी तरह के उत्सव से दूरी बनाए रखी। राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय, 24 अकबर रोड पर कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से मुलाकात की, लेकिन उन्होंने केक काटने से साफ इनकार कर दिया।
कांग्रेस पार्टी ने भी इस अवसर पर बिना शोरगुल के कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया। पार्टी कार्यालय में ढोल-नगाड़ों और किसी भी तरह के जश्न की अनुमति नहीं दी गई। पार्टी के अनुसार, दूर-दराज से आए कार्यकर्ता सिर्फ राहुल गांधी से मिलना चाहते थे, इसलिए केवल एक साधारण मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान राहुल ने सभी का धन्यवाद किया और देश की मौजूदा परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने राहुल गांधी की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि 'राहुल ने केवल कार्यकर्ताओं से भेंट की और किसी प्रकार का उत्सव नहीं मनाया। उन्होंने केक काटने से भी इनकार कर दिया। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी दुखद घटनाओं के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति से मुलाकात कर हंसती हुई तस्वीरें साझा कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं। यह संवेदनहीनता दर्शाता है।'