भोपाल (01 अक्टूबर 26)। राजधानी भोपाल में रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अधिकारी राकेश अग्रवाल का शव उनके घर में खून से लथपथ मिला। बताया जा रहा है कि उनको घर में धारदार हथियार से गला रेतकर मौत के घाट उतारा गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रदेश के CM डॉ. मोहन यादव ने घटना को लेकर सख्त तेवर दिखाए हैं। उन्होंने अधिकारी की मौत पर दुख व्यक्त किया और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी राकेश अग्रवाल का दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। अग्रवाल जी विनम्र एवं कर्मठ अधिकारी रहे, उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि। पुलिस महानिदेशक को मामले की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार इस मामले में पूरी तरह संवेदनशील है। घटना के संबंध में दोषियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बाबा महाकाल दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस सनसनीखेज वारदात में बेहद खास बात यह है कि घर में दो दिन पहले ही नौकर रखा गया था जो भी गायब है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।बताया गया कि अधिकारी अपनी पत्नी के साथ रहते थे। करीब 2 दिन पहले ही घर में एक नौकर को रखा गया था। लेकिन, इस घटना के बाद वह नौकर गायब है। शुरुआती जांच में पुलिस का शक उस पर जा रहा है। हालांकि, अभी पुलिस की ओर से उसके हत्या में शामिल होने की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।