चरंपा (06 नवंबर 24)। ओडिशा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें बदमाशों ने चलती ट्रेन पर गोलियां चला दीं। इस घटना से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं। यह घटना नंदनकानन एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12816) में घटी, जब ट्रेन चरंपा रेलवे स्टेशन से रवाना हो रही थी।
आपको बता दें कि मंगलवार सुबह 9:25 बजे ओडिशा के चरंपा रेलवे स्टेशन से नंदनकानन एक्सप्रेस रवाना हो रही थी, तभी कुछ बदमाशों ने ट्रेन पर गोलियां चलाईं। गोलीबारी गार्ड के वैन डिब्बे की ओर की गई, जिसमें कोई यात्री नहीं था। ट्रेन के प्रबंधक से शिकायत मिलने के बाद, भद्रक जीआरपी ने घटना की जांच शुरू कर दी है। चिंता की बात यह थी कि घटना के दौरान ट्रेन पर गोलियां दागी गईं, लेकिन इसमें किसी यात्री के घायल होने की कोई खबर नहीं आई है। गोलियां गार्ड वैन डिब्बे की ओर दागी गईं, जहां किसी भी यात्री का स्थान नहीं था। पुलिस और रेलवे अधिकारी यह जांच रहे हैं कि गोलियां किसने चलाईं और उनका मकसद क्या था।