गोंदिया (13 नवंबर 24)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) संविधान को खत्म करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले गोंदिया में कांग्रेस प्रत्याशी गोपालदास अग्रवाल के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा विदर्भ क्षेत्र और महाराष्ट्र के लोगों के ‘डीएनए' में है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान एकता, समानता, हर धर्म के प्रति सम्मान के मूल्यों को प्रतिष्ठापित करता है तथा उसमें नफरत, किसानों के दमन और असमानता के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मैं ‘गारंटी' के साथ कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कभी संविधान नहीं पढ़ा है, क्योंकि अगर उन्होंने उसे पढ़ा होता तो वह उसमें लिखी बातों का सम्मान करते।' कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘आरएसएस, भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान को खत्म करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।' उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी सरकार को गिराना संवैधानिक है। उन्होंने कहा, ‘इसलिए जब वे महाराष्ट्र में एमवीए (महा विकास आघाड़ी) सरकार गिराते हैं तो वे संविधान को कमजोर करते हैं।'