Monday, 05 Oct 2026

सनकी प्रेमी का खूनी हमला, प्रेमिका के भाई की मौत, मां गंभीर

इंदौर (28 जनवरी 26)।  इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के 60 फीट रोड इलाके में 26 जनवरी की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने प्रेमिका के घर में घुसकर उसके परिजनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस घटना में युवती के भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने आत्महत्या की नीयत से खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वेदांत सोलंकी (24), निवासी बिजासन कॉलोनी, पिछले डेढ़ साल से विधि लुणावत के साथ रिलेशनशिप में था। 25 जनवरी को पारिवारिक नाराजगी के चलते विधि के परिजन उसे अपने साथ घर ले आए थे। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता भी हो गया था। आरोपी ने थाने में लिखित आवेदन देकर प्रेमिका को परेशान नहीं करने की बात कही थी।

इसके बावजूद 26 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे आरोपी अचानक विधि के घर पहुंच गया। यहां बातचीत के दौरान विधि के भाई विधान और मां अनिता से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने विधान पर चाकू से चार वार किए। बीच-बचाव करने पर अनिता को भी दो चाकू लगे। गंभीर रूप से घायल विधान को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के समय विधि के पिता बाजार गए हुए थे। वारदात के बाद आरोपी ने खुद के हाथ और पेट में चाकू मार लिया और घर में सोफे पर बैठा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की समझाइश के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्राइवेट नौकरी करता है। उसके माता-पिता का करीब पांच साल पहले निधन हो चुका है और वह चाचा-चाची के साथ रहता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर है और पहले भी विधि के परिजनों से विवाद कर चुका है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!