Monday, 05 Oct 2026

सीहोर भी विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा: सीएम

सीहोर (07 जून 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर में आयोजित कार्यक्रम में 113 करोड़ 45 लाख 59 हजार रूपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम आवास, कल्याणी पेंशन, परिवार सहायता, संबल, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों को योजनाओं के स्वीकृति-पत्र भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर नगर पालिका को विकास कार्यों के लिये 50 करोड़ रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री रहते हुए जो योजनाएं और विकास के कार्य प्रारंभ किए, उन्हें आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। प्रदेश की लाड़ली बहनों के सशक्तिकरण के लिए बनी योजना की राशि को तीन हजार रूपये तक बढ़ाया जाएगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है। हमारा सदैव यह प्रयास है कि जनता के विकास, मान, सम्मान और स्वाभिमान में कभी कोई कमी न आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द एक विकसित भारत का निर्माण हो। विकसित भारत के निर्माण के लिए सरकार के साथ जनता की सहभागिता आवश्यक है। जनता के सहयोग के बिना विकसित भारत का निर्माण नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर सीहोर विधायक सुदेश राय एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी संबोधित किया और जिले एवं सीहोर नगर की विभिन्न विकास की आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री को अवगत कराया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री  करणसिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग एवं जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष नावड़ी बाई, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!