नईदिल्ली (09 मार्च 25)। भारतीय फुटबॉल टीम के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान सुनील छेत्री ने अपने संन्यास से वापसी का ऐलान कर दिया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने गुरुवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर इसकी जानकारी दी। 40 वर्षीय सुनील छेत्री 25 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले एएफसी एशियाई कप 2027 के तीसरे दौर के क्वालीफायर में भारतीय टीम के लिए मैदान में उतरेंगे।
सुनील छेत्री ने पिछले साल जून में कुवैत के खिलाफ फीफा विश्व कप 2026 क्वालीफायर के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह दिया था। हालांकि, उन्होंने इंडियन सुपर लीग में बेंगलुरु एफसी के लिए खेलना जारी रखा और शानदार प्रदर्शन किया। इस सीजन में 12 गोल कर वे सबसे अधिक गोल करने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। छेत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने मानसिक कारणों से संन्यास लिया था, न कि शारीरिक रूप से कमजोर महसूस करने के कारण।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'सुनील छेत्री वापसी कर रहे हैं। कप्तान, नेतृत्वकर्ता, दिग्गज खिलाड़ी मार्च में फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो के लिए भारतीय टीम में वापसी करेगा।' छेत्री की वापसी से भारतीय टीम को बड़े टूर्नामेंट्स में मजबूती मिलने की उम्मीद है। सुनील छेत्री का नाम भारतीय फुटबॉल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।