Monday, 05 Oct 2026

सोनिया गांधी को अस्पताल से मिली छुट्टी, हालत में सुधार

नईदिल्ली (12 जनवरी 26)। कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी को सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उन्हें 5 जनवरी 2026 को सीने में संक्रमण के कारण ब्रोंकियल अस्थमा बढ़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ, जिसके चलते रविवार शाम करीब 5 बजे उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी ने इलाज पर अच्छी प्रतिक्रिया दी है और अब उनकी सेहत स्थिर है। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आराम करने और इलाज जारी रखने की सलाह दी है। सोनिया गांधी को 5 जनवरी की रात करीब 10 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें सांस लेने में हल्की दिक्कत महसूस हो रही थी। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि ठंड के मौसम और बढ़ते प्रदूषण की वजह से उनका ब्रोंकियल अस्थमा कुछ बढ़ गया था। एहतियातन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनिया गांधी को एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाएं दी गईं। लगातार निगरानी और इलाज के बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ, जिसके बाद डिस्चार्ज का फैसला लिया गया। करीब छह दिन अस्पताल में रहने के बाद वे रविवार को अपने घर लौट आईं। गौरतलब है कि इससे पहले भी जून 2025 में सोनिया गांधी को पेट से जुड़ी समस्या के चलते सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उनकी तबीयत में सुधार बताया जा रहा है और डॉक्टरों ने पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!