Saturday, 10 Oct 2026

हेलमेट न पहनने की लापरवाही का नुकसान परिवार को न भुगतना पड़े: सीएम

भोपाल (27 सितंबर 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हेलमेट न पहनने की छोटी सी लापरवाही का नुकसान पूरा परिवार भुगतता है। आंकड़े बताते हैं कि देश में अप्राकृतिक मौतों का सबसे बड़ा कारण सड़क दुर्घटनाएं हैं। इसमें भी अधिकांश मौतें लापरवाही या तेज गति से वाहन चलाने, हेलमेट न पहनने या सीट बेल्ट नहीं लगाने से होती हैं। जिम्मेदार नागरिक होने के साथ परिवार के महत्व और दायित्व को समझते हुए अपनी स्वयं की सुरक्षा के लिए सभी वाहन चालकों का सचेत रहना जरूरी है। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट अवश्य पहने, इस आशय का प्रण हमें लेना होगा। हेलमेट हमारे जीवन का सुरक्षा कवच है, यह सड़क हादसे में आपकी जान बचा सकता है। शारदीय नवरात्र के दिनों में जीवन रक्षा के प्रति जागरूकता के लिए आरंभ की गई सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह की पहल अनुकरणीय है। प्रदेशवासी हेलमेट पहने और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करें, सभी से यही अपेक्षा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए शनिवार को सेवा पखवाड़ा अंतर्गत अटल पथ पर आयोजित नि:शुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और दो पहिया वाहन रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में युवाओं को 2100 हेलमेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतीक स्वरूप पांच दो पहिया वाहन चालकों मनोज निगम, संदीप बिसेन, सुमित प्रधान, एनसीसी कैडेट सुश्री सान्या सिद्दीकी और अंजली सिंह को हेलमेट पहनाकर जीवन का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रही है। आज 2100 युवाओं को हेलमेट वितरित किए जा रहे हैं। भारत विश्व का सबसे युवा देश है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी युवा शक्ति ने विश्व के सम्मुख कई क्षेत्रों में विशेष पहचान बनाई है। अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना भी युवाओं का दायित्व है। यह आवश्यक है कि सड़कों पर तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, यही एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य भी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!