ग्वालियर (06 जून 25)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गांधी के ‘लंगड़ा घोड़ा’ बयान को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लंगड़ा घोड़ा शब्द का इस्तेमाल करके दिव्यांगजनों को कथित तौर पर अपमानित किया है। सिंधिया ने राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिव्यांगजन शब्द गढ़ा था।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा- मैं सभी लोगों को समझाना चाहता हूं जो ऐसे अपशब्द का इस्तेमाल करते हैं, प्रधानमंत्री ने जो हमारे अंग्रेजी में कहते हैं स्पेशल गिफ्टेड, विकलांग का शब्द परिवर्तित करके दिव्यांगजन का नाम दिया। दिव्यांगजन का मतलब होता है जिन पर भगवान का विशेष आशीर्वाद है। तो उन्हें तो हमें प्रणाम करना चाहिए और उल्टा ऐसे अपशब्द का इस्तेमाल करते हैं, किस हद तक ऐसे लोग जायेंगे, उसकी कल्पना भी आप और हम नहीं कर सकते। राहुल गांधी का नाम लिए बिना केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग ऐसे स्वागत योग्य बदलावों के लिए प्रधानमंत्री का सम्मान करने के बजाय ‘गाली-गलौज' की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।