रोहतक (03 मार्च 25)। सांपला में झाड़ियों में संदिग्ध अवस्था में कांग्रेस नेत्री हिमानी नरवाल का शव सूटकेस में मिला था। इस मामले पर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के अंदर वारदात का खुलासा किया और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज पेश अदालत कर पुलिस रिमांड पर हासिल किया जायेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों रिलेशनशिप में थे।
इस मामले पर रोहतक रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केके राव ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि 1 मार्च को रोहतक पुलिस टीम को दिल्ली रोड नजदीक बस स्टैंड सांपला पर झाड़ियों में पड़े काले रंग की सूटकेस में संदिग्ध अवस्था में एक युवती का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या करने और सबूत को छिपाने या मिटाने का मामला पाए जाने पर अभियोग संख्या 86/2025 धाराधीन 103(1), 238 बीएनएस थाना सांपला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक रोहतक नरेन्द्र बिजारणिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी में उप पुलिस अधीक्षक सांपला रजनीश, प्रभारी थाना सांपला निरीक्षक बिजेन्द्र, प्रभारी पुलिस चौकी शहर सांपला पीएसआई नरेन्द्र को शामिल किया गया। युवती की शिनाख्त के प्रयास किए गए। 12 घंटे में मृतका युवती की पहचान हिमानी निवासी विजय नगर रोहतक के रूप में हुई। 2 मार्च को युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।