कराईकल (15 फरवरी 26)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुडुचेरी के कराईकल में आयोजित एक बड़ी जनसभा में कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्ष पर देश में 'लगातार झूठ फैलाने' का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता सच्चाई समझ चुकी है। शाह ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ नेता बार-बार एक ही बात को दोहराकर उसे सच साबित करने की कोशिश करते हैं, लेकिन देश की जनता ऐसी राजनीति को पहचान चुकी है।
गृह मंत्री ने विशेष रूप से फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों को लेकर उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूरोपियन यूनियन, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों के साथ हुए समझौतों में किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। उनका दावा था कि इन समझौतों से कृषि और मत्स्य क्षेत्र को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा। उन्होंने विपक्ष पर इन मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि तथ्यों को पढ़े बिना बयानबाजी की जा रही है। सभा में शाह ने पूर्व की कांग्रेस सरकारों की नीतियों की तुलना वर्तमान सरकार से की। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले के दौर में अंतरराष्ट्रीय समझौतों में किसानों के हितों की अनदेखी की गई, जबकि मौजूदा सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया है। अपने भाषण में शाह ने आगामी लोकसभा चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 में भी एनडीए गठबंधन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सत्ता में वापसी का मौका नहीं मिलेगा।