किश्तवाड़ (23 फरवरी 26)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सेना और आतंकियों के बीच चल रही मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने ऑपरेशन त्राशी-I के दौरान तीसरे आतंकवादी को ढेर कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, व्हाइट नाइट कॉर्प्स की टीम ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर इलाके में अभियान चलाया। मारे गए आतंकवादी का शव, उसकी बंदूक और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और पूरी तरह क्षेत्र को आतंकियों से मुक्त कराने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आतंकवादी या अशांति फैलाने वाले को यहां कोई जगह नहीं दी जाएगी।
बता दें कि आज सुबह सेना ने पहले ही दो आतंकियों को मार गिराया था। अब तीसरे आतंकवादी के मारे जाने के बाद इस ऑपरेशन में कुल तीन आतंकियों को नष्ट किया जा चुका है। यह सेना और सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।