Sunday, 04 Oct 2026

भागीरथपुरा दूषित जल: एक ही दिन में दो मौत

इंदौर (10 फरवरी 26)। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को दो मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दूषित पानी पीने से 75 वर्षीय शालिग्राम ठाकुर और दो साल की मासूम सिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों ही मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अजीबो-गरीब बयान जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि शालिग्राम को कई बीमारियां थी इसलिए उसकी मौत हुई तो वहीं बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।

मृतक बच्ची सिया के पिता सूरज प्रजापति ने बताया कि शादी के पांच साल बाद मन्नतों से सिया का जन्म हुआ था। मां सदमे में है बार-बार बस यही सवाल कर रही है मेरी सिया कहां चली गई? बेटी के चेहरे की हंसी उसका तुतलाकर बोलना, घर में दौड़ना, सब एक पल में खत्म हो गया। 27 दिसंबर को उल्टी-दस्त से सिया की तबीयत बिगड़ी थी। पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, कुछ सुधार हुआ लेकिन हालत फिर खराब हो गई। 15 दिन पहले चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती किया था, जहां लिवर में गंभीर परेशानी बताई गई। 5 फरवरी को डिस्चार्ज कर 6 फरवरी को सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल में आॅपरेशन हुआ, लेकिन पांच दिन बाद मंगलवार सुबह 4:30 बजे उसकी सांसें थम गईं।

परिजनों का आरोप है कि दूषित पानी का जहर ही लिवर तक पहुंचा। सिया के पिता सूरज प्रजापति रेडीमेड कॉम्प्लेक्स में सिलाई का काम करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निजी अस्पताल में इलाज संभव नहीं था। आयुष्मान कार्ड चालू कराने के लिए दो बार सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की, लेकिन मदद समय पर नहीं मिली। इसी दूषित पानी ने 75 वर्षीय शालिग्राम ठाकुर की भी जान ले ली। उल्टी-दस्त के बाद हालत बिगड़ी, वेंटिलेटर तक पहुंचना पड़ा। परिजन कहते हैं कि लकवे के अलावा उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। भागीरथपुरा में अब तक 35 लोग इस गंदे पानी की भेंट चढ़ चुके हैं।


Tags:

Follow us

This question is not available..!