गुवाहाटी (20 फरवरी 26)। असम में 2026 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच सियासी तापमान तेज हो गया है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुवाहाटी दौरे के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ एक विस्तृत 'पीपुल्स चार्जशीट' जारी की। कांग्रेस महासचिव और असम प्रभारी के तौर पर उन्होंने दावा किया कि यह दस्तावेज़ तीन महीनों तक राज्यभर में आम लोगों से संवाद और फीडबैक के आधार पर तैयार किया गया है। उनके मुताबिक, यह 'जनता की शिकायतों और अनुभवों का संकलन' है।
चार्जशीट का शीर्षक रखा गया है- 'असम की जनता बनाम मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार'। इसमें सरकार के कार्यकाल (2021–2026) को लेकर करीब 20 से अधिक बिंदुओं में आरोप दर्ज किए गए हैं। कांग्रेस ने हिमंता विस्व शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रियंका गांधी ने स्पष्ट किया कि यह चार्जशीट केवल राजनीतिक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि चुनावी बहस का आधार बनेगी। वे असम कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन भी हैं और उम्मीदवार चयन प्रक्रिया के साथ ही इस दस्तावेज़ को जारी किया गया है। कांग्रेस का कहना है कि वह इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाबदेही मांगेगी। 2026 का चुनाव असम की राजनीति में अहम मोड़ साबित हो सकता है। भाजपा जहां अपने विकास कार्यों और स्थिर शासन को मुद्दा बना रही है, वहीं कांग्रेस सरकार के प्रदर्शन पर सवाल उठाकर सत्ता परिवर्तन का माहौल बनाने की कोशिश में है।