Sunday, 04 Oct 2026

भारत-पराग्वे आतंकवाद के खिलाफ एकजुट: मोदी

नईदिल्ली (02 जून 25)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत और पराग्वे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं और दोनों के पास साइबर अपराध तथा मादक पदार्थों की तस्करी जैसी साझा चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपार संभावनाएं हैं। मोदी ने पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासियोस के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में यह टिप्पणी की।

पालासियोस समग्र सहयोग बढ़ाने के तरीकों की खोज के लिए भारत की तीन-दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे। यह उनकी पहली भारत यात्रा है, जबकि दक्षिण अमेरिकी देश के किसी राष्ट्रपति की दूसरी यात्रा है। लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में भारत के लिए पराग्वे एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार है। ऑटोमोबाइल और फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र की कई भारतीय कंपनियां पराग्वे में मौजूद हैं। मोदी ने कहा, ‘हम डिजिटल प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, रक्षा, रेलवे, अंतरिक्ष और समग्र आर्थिक साझेदारी जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नये अवसर देखते हैं।' प्रधानमंत्री ने दक्षिण अमेरिकी व्यापार समूह मर्कोसुर के साथ भारत की तरजीही व्यापार व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘हम इसे और आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर सकते हैं।' मर्कोसुर या दक्षिण का साझा बाजार अर्जेंटीना, ब्राजील, पराग्वे और उरुग्वे से मिलकर बना एक व्यापारिक समूह है। दोनों नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में आतंकवाद से निपटने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया। मोदी ने कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत और पराग्वे एकजुट हैं। साइबर अपराध, संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी साझा चुनौतियों से लड़ने के लिए सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।' प्रधानमंत्री ने पराग्वे को ‘ग्लोबल साउथ' का अभिन्न अंग बताया। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!