नईदिल्ली (17 फरवरी 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 'इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026' का एक खास वीडियो शेयर किया, जिसमें भारत की बढ़ती तकनीकी शक्ति का प्रदर्शन किया गया है। पीएम मोदी ने इस एक्सपो को 'आइडिया और इनोवेशन का बेजोड़ संगम' बताते हुए कहा कि यह भविष्य को आकार देने में भारतीय प्रतिभा की असाधारण क्षमता को दर्शाता है।
वीडियो की शुरुआत में 'Sarvam AI' के प्रभावशाली प्रदर्शन को दिखाया गया है, जिसने केंद्रीय बजट को रियल-टाइम में अनुवाद कर लोगों को अपनी मातृभाषा में सुनाया। इसके साथ ही भारत का अपना 'सोवरेन AI मॉडल' भी पेश किया गया, जिसे वैश्विक मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। प्रदर्शनी का एक बड़ा आकर्षण वह AI सिस्टम रहा जो सोलर पैनल से पैदा होने वाली बिजली को कंट्रोल करता है। उत्तर प्रदेश के एक किसान ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे वह घर से बाहर रहने के दौरान अतिरिक्त बिजली को AI की मदद से बेचकर कमाई कर रहे हैं। दिव्यांगों के लिए वरदान और स्मार्ट सुरक्षा एक्सपो में तकनीक के मानवीय पक्ष को भी उभारा गया है: स्मार्ट ग्लासेस: नेत्रहीन व्यक्तियों के लिए वॉयस कमांड आधारित चश्मे, जो आसपास की वस्तुओं को पहचानने में मदद करते हैं। हियरिंग डिवाइस: सुनने में अक्षम लोगों के लिए ब्रेन-लिंक्ड एआई डिवाइस का अनावरण किया गया। ट्रैफिक मॉनिटरिंग: 230 किमी/घंटा की रफ्तार से भागते वाहनों को ट्रैक करने वाला एआई कैमरा, जो ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पैनी नजर रखेगा। इसके अलावा बच्चों के विकास में मदद करने वाला 'Miko AI' रोबोट और अत्याधुनिक ह्यूमनॉयड रोबोट ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।