गुना (14 मार्च 26)। केंद्रीय मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वैश्विक हालात और अंतरराष्ट्रीय राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की कूटनीति के कारण ईरान ने वैश्विक संकट के बावजूद भारत के लिए हॉर्मुज का रास्ता खुला रखा है।
गुना जिले के बजरंगगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि ईरान और इसराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण Strait of Hormuz क्षेत्र में संकट की स्थिति बनी हुई है, जिससे दुनिया भर की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सफल कूटनीति का ही परिणाम है कि जहां ईरान ने कई देशों के लिए हॉर्मुज मार्ग पर प्रतिबंध लगाए हैं, वहीं भारत के लिए यह रास्ता खुला रखा गया है। उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री के हवाले से कहा कि देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर जनता को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के समय जब देश के सभी दलों को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए, तब कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। सिंधिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा नकारात्मक रही है और वह देश को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि न्यायालय और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर संदेह करना कांग्रेस की आदत बन गई है। सिंधिया के अनुसार, संकट के समय भी कांग्रेस की प्राथमिकता देशहित नहीं बल्कि अपनी राजनीतिक जमीन तलाशना है, जबकि देश की जनता उन्हें बार-बार जवाब दे चुकी है।