भोपाल (09 मार्च 26)। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने अपने रिटायरमेंट प्लान को लेकर अपने पत्ते खोल दिए हैं। कई दिनों से उनके पोस्ट पर तरह तरह के कयास लगाए जा रहे थे और कई तरह की अटकलें भी सियासी फिजाओं में घूम रही थीं। लेकिन अब दिग्गी ने सब साफ कर दिया है कि वो क्या चाहते हैं और आगे की उनकी क्या रणनीति है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसका खुलासा किया। दिग्गी ने कहा कि अपने रिटायरमेंट को लेकर मैंने एक कपल वीडियो X पर शेयर किया था। ये कपल जो बैंक से रिटायर हुए थे वो एक कार से पूरा भारत घूमने निकले हैं, तो मैंने उनका वीडियो मजाकिया लहजे में शेयर किया था कि रिटायरमेंट के बाद जिंदगी ऐसे भी बिताई जा सकती है। वहीं आगे बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि रिटायरमेंट को लेकर हल्ला तो होता रहता है। मैंने पार्टी से यही अनुरोध किया है कि मैं राज्यसभा अब थर्ड टर्म नहीं लेना चाह रहा हूं। लेकिन इसका मतलब नहीं है कि मैं कांग्रेस के लिए काम नहीं करूंगा। पार्टी का काम तो वो जीवन के आखिरी सांस तक करेंगे।
पूर्व सीएम और सांसद दिग्विजय सिंह ने एक्स पर एक वीडियो को साझा करके हलचल मचाई थी । दरअसल जो वीडियो पोस्ट दिग्गी ने शेयर किया था उसके आधार पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं। दिग्विजय सिंह ने एक्स पर रिटायर्ड बैंक अधिकारी शिबानंद भंजा का एक वीडियो शेयर किया था। इस पर दिग्गी ने लिखा था...दरअसल इसमें शिवानंद भंजा सेवानिवृत्ति के बाद एक गाड़ी खरीदकर भारत भ्रमण के लिए निकल पड़े हैं। इसी को लेकर दिग्विजय सिंह ने लिखा था कि...माई रिटायरमेंट प्लासं ? मे बी.व्हाई नाट? इस वीडियो में रिटायर्ड बैंक अधिकारी शिबानंद भंजा अपनी पत्नी बसबी भंजा के साथ कार में भारत की सडकों पर अपनी आजादी की कहानी बता रहे हैं। दरअसल ,शिबानंज भंजा की पत्नी का सपना था कि घर की जगह एक गाड़ी लेंगें और उसमें पूरा घर घूमेंगे। इस वीडियो को शेयर करने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि दिग्विजय कुछ अलग करने जा रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल अप्रैल में पूरा होने वाला है। वर्तमान कार्यकाल 10 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। लेकिन अब दिग्विजय सिंह ने बता दिया है कि वो वीडियो उन्होंने मजाकिया तौर पर शेयर किया था औऱ वो पार्टी का काम अंतिम सांस तक करते रहेंगे।