बुखारेस्ट (12 मार्च 26)। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के बीच रोमानिया ने एक बड़ा रणनीतिक फैसला लिया है। रोमानिया ने यूएस को अपने सैन्य एयरबेस के उपयोग को बढ़ाने और अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती की अनुमति दे दी है। यह फैसला रोमानिया की सर्वोच्च रक्षा संस्था Supreme Council of National Defence की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रपति निकसोर डान ने की, जिसमें मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के प्रभावों पर चर्चा की गई। इस समझौते के तहत अमेरिकी सेना को रोमानिया के एयरबेस का उपयोग करते हुए अस्थायी रूप से सैनिक और सैन्य उपकरण तैनात करने की अनुमति मिलेगी।
इन ठिकानों का इस्तेमाल मुख्य रूप से सैन्य विमानों के रीफ्यूलिंग, सैटेलाइट संचार सिस्टम, निगरानी उपकरण और अन्य रक्षा व्यवस्थाओं के लिए किया जाएगा। रोमानिया NATO का सदस्य है और यह कदम अमेरिका के मिडिल ईस्ट अभियानों के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे यूरोप से मिडिल ईस्ट तक अमेरिकी सैन्य संचालन को लॉजिस्टिक सपोर्ट मिलेगा। मिडिल ईस्ट में यूएस, इसराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष का असर अब यूरोप की सुरक्षा रणनीति पर भी दिखाई देने लगा है। युद्ध के चलते कई नाटो देश अपने सैन्य संसाधनों को सक्रिय कर रहे हैं ताकि क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा संतुलन बनाए रखा जा सके। विश्लेषकों का कहना है कि अगर यह संघर्ष लंबा चलता है, तो यूरोप के सैन्य ठिकाने मिडिल ईस्ट अभियानों के लिए और अधिक महत्वपूर्ण हो सकते हैं।