Sunday, 04 Oct 2026

सीएम की मौजूदगी में महू में दो नेत्रियों का अहम टकराया

महू (24 फरवरी 26)। मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। इंदौर जिले के महू में भारतीय जनता पार्टी की दो दिग्गज महिला नेताओं के बीच सियासी टकराव गहराता जा रहा है। रविवार को आयोजित 85 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान यह विवाद खुलकर सामने आया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर और महू विधायक उषा ठाकुर मौजूद रहीं। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए डिजिटल शिलालेख में राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार का नाम नहीं होने से विवाद भड़क उठा। सूत्रों के मुताबिक, जब कविता पाटीदार ने अपने गृह क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के शिलालेख पर अपना नाम नहीं देखा, तो उन्होंने इसे अपमानजनक बताया। उन्होंने पार्टी संगठन के समक्ष नाराजगी जताते हुए इस मामले पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच तनाव विधानसभा चुनाव से पहले ही शुरू हो गया था। उषा ठाकुर को टिकट मिलने पर महू भाजपा के एक धड़े ने खुला विरोध किया था, जिसे पाटीदार गुट से जुड़ा माना जा रहा है। चुनाव के दौरान बगावत के बाद से ही दोनों के बीच दूरी और बढ़ गई। अब हालात यह हैं कि दोनों नेता एक-दूसरे के कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखती हैं।

कविता पाटीदार अपने पिता भेरूलाल पाटीदार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाना चाहती हैं, वहीं उषा ठाकुर भी महू क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत बनाए हुए हैं। इसी वर्चस्व की लड़ाई का असर मंडल और जिला स्तर की नियुक्तियों पर भी देखने को मिला है। पार्टी सूत्रों का मानना है कि अगर समय रहते संगठन ने इस आपसी खींचतान पर लगाम नहीं लगाई, तो आने वाले समय में इसका नुकसान पार्टी को स्थानीय राजनीति में उठाना पड़ सकता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!