मुंबई (27 फरवरी 26)। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में बड़ा बदलाव हुआ है। गुरुवार को हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। यह फैसला सभी वरिष्ठ नेताओं की सहमति से लिया गया। बैठक में पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे। कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी ने समर्थन दिया।
गौरतलब है कि 28 जनवरी 2026 को प्लेन हादसे में अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के सामने नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। नेताओं का कहना है कि यह पार्टी के लिए बड़ा झटका था। अब सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में संगठन को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम भी हैं और वे एनसीपी की पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी हैं। इससे पहले वे राज्यसभा सांसद भी रह चुकी हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि अजित पवार ने पार्टी को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई थी और अब सुनेत्रा पवार उसी दिशा में काम करेंगी। सूत्रों के अनुसार, उनके बेटे पार्थ पवार को भी जल्द अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होने वाले हैं, ऐसे में उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा भी तेज है। पार्टी का कहना है कि यह फैसला संगठन में एकता और नई शुरुआत का संकेत है।