Sunday, 04 Oct 2026

सूडान में ड्रोन हमला: नवजात सहित 24 की मौत

राहाद (08 फरवरी 26)। मध्य सूडान में शनिवार को एक कुख्यात अर्धसैनिक समूह द्वारा विस्थापित परिवारों को ले जा रहे एक वाहन पर ड्रोन से किए गए हमले में आठ बच्चों सहित कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई। चिकित्सकों के एक समूह ने यह जानकारी दी। यह हमला विश्व खाद्य कार्यक्रम के सहायता काफिले पर हुए हमले के एक दिन बाद हुआ। 'सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क' ने बताया कि 'रैपिड सपोर्ट फोर्सेज' द्वारा किया गया यह हमला उत्तरी कोरदोफान प्रांत के राहाद शहर के पास हुआ।

चिकित्सकों के समूह ने एक बयान में बताया कि वाहन में विस्थापित लोग सवार थे, जो डुबेइकर क्षेत्र में जारी लड़ाई के दौरान भागकर आए थे। बयान के मुताबिक, मृतकों में दो नवजात शिशु भी शामिल हैं। कई अन्य लोग घायल हो गए और उन्हें राहाद में इलाज के लिए ले जाया गया। समूह ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और मानवाधिकार संगठनों से आग्रह किया कि वे 'नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई करें और ऐसे कृत्यों के लिए 'रैपिड सपोर्ट फोर्सेज' नेतृत्व को सीधे तौर पर जवाबदेह ठहराएं। लगभग तीन वर्षों से सूडानी सेना के खिलाफ देश पर नियंत्रण के लिए लड़ रहे 'रैपिड सपोर्ट फोर्सेज' की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।  

Tags:

Follow us

This question is not available..!